दिल्ली में फिर एक दर्दनाक हादसा हुआ है. मंगलवार को रोहिणी के सेक्टर-32 स्थित महाशक्ति काली मंदिर के पास एक युवक खुले नाले में गिर गया. हादसा देख आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही बेगमपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं. फायर ब्रिगेड ने युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया. कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड ने युवक को नाले से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इससे पहले सड़क पर खोदे गए जल निगम के गड्ढे में गिरकर युवक की मौत हो गई थी. वहीं आज हुए इस हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.
घटनास्थल पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 7.45 बजे बेगमपुर थाने पर एक कॉल आई. सूचना मिली की सेक्टर-32 स्थित महाशक्ति काली मंदिर के पास एक युवक खुले नाले में गिर गया है. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. टीम ने युवक को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन बचाया नहीं जा सका. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने बताया कि नाले में गिरे युवक को खोजने के लिए विशेष उपकरणों और सुरक्षा इंतजामों के साथ टीम को लगाया गया था. काफी खोजबीन के बाद युवक को बाहर निकाला गया, लेकन तब तक उसकी मौत हो गई थी. वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने लोगों को घटनास्थल के पास से हटा दिया था. फिलहाल युवक की पहचान और घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
खबर अपडेट की जा रही है.

