उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दहेज लोभियों ने एक बेटी के घर की खुशियां छीन ली. शादी के दिन घर में मातम छा गया. दरअसल, लड़के वालों ने दहेज में थार कार की डिमांड की जिसे लड़की के परिजन पूरा करने के लिए सहमति नहीं जता सके. यह मामला चिलकाना थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर का है, जहां शादी के दिन अचानक दूल्हे पक्ष ने दहेज में थार कार मांगी और बारात लाने से साफ इनकार कर दिया. जिसकी जानकारी जब दुल्हन को हुई तो उसकी आंखें आसुओं से भर आईं. लड़की के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने दोनों पक्षों से बातकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया.
दौलतपुर के रहने अजय कुमार ने अपनी बहन निधि की शादी हिरा खेड़ी (थाना बेहट) के अमनदीप से तय की थी. 4 मई 2025 को धूमधाम से सगाई कार्यक्रम हुआ और शादी की तारीख 1 नवंबर रखी गई थी. परिवार ने अपनी हैसियत के अनुसार सारी तैयारियां पूरी कर ली थीं. बैंक्विट हॉल बुक था, मेहमान पहुंच चुके थे, बुलेट मोटरसाइकिल दहेज में देने की व्यवस्था भी की गई थी. लेकिन बारात निकलने से कुछ घंटे पहले ही लड़के पक्ष की तरफ से फोन आया.
परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर
अमनदीप के चाचा सुभाष चंद और बिचौलिए सोनू ने फोन पर कहा कि थार गाड़ी नहीं दोगे तो बारात नहीं आएगी. यह सुनकर लड़की पक्ष के होश उड़ गए. खुशियों की जगह आंसुओं ने ले ली और दुल्हन के हाथों की मेहंदी दर्द की निशानी बन गई. परिजन तुरंत थाना चिलकाना पहुंचे और पूरे मामले की तहरीर दी.
पंचायत में होगा फैसला
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है, दोनों पक्षों में बातचीत के जरिए सुलह का प्रयास किया जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि लड़की बिन बाप की बेटी है, और यह घटना समाज के लिए शर्मनाक है. मामले को लेकर सोमवार को गांव में पंचायत बुलाई गई है, जिसमें दुल्हा और दुल्हन पक्ष के लोग अपनी बात रखेंगे. इसके बाद पंचायतफैसलासुनाएगी.

