आज हड़ताल पर रहेंगे डॉक्टर.
महाराष्ट्र के सभी सरकारी अस्पतालों के करीब 30 हजार रेजिडेंट डॉक्टर आज से हड़ताल पर जाएंगे. डॉक्टरों की यह हड़ताल सतारा जिले में डॉक्टर संपदा मुंडे की आत्महत्या के मामले को लेकर है. रेजिडेंट डॉक्टरों की प्रमुख मांग है कि इस पूरे मामले की जांच सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में गठित विशेष जांच दल (SIT) से की जाए.
डॉक्टरों ने मांग की कि डॉ. मुंडे के परिवार को न्याय मिले और उनके एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए. डॉक्टरों ने यह भी मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं, इसके लिए राज्य सरकार ठोस कदम उठाए.
सरकारी अस्पतालों की ओपीडी सेवाएं आज बंद
हड़ताल के चलते राज्यभर के सभी सरकारी अस्पतालों की ओपीडी सेवाएं आज से बंद रहेंगी, हालांकि इमरजेंसी और एडमिट मरीजों का इलाज पहले की तरह जारी रहेगा. इससे पहले, संभाजीनगर में रविवार शाम रेजिडेंट डॉक्टरों ने कैंडल मार्च निकालकर डॉ. संपदा मुडे को श्रद्धांजलि दी और SIT जांच की मांग को दोहराया. रेजिडेंट डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाती, हड़ताल जारी रहेगी.

