प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
छत्तीसगढ़ स्थापना-दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (1 नवंबर) को राजधानी रायपुर पहुंचे. उन्होंने नवा रायपुर अटल नगर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में आयोजित समारोह में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने ‘दिल की बात’ कार्यक्रम के तहत दिल की बीमारी से जूझने वाले और सफल इलाज करा चुके बच्चों से मुलाकात की.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘दिल की बात’ कार्यक्रम के तहत नवा रायपुर अटल नगर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में आयोजित ‘जीवन का उपहार’ कार्यक्रम में जन्मजात हृदय रोगों का सफलतापूर्वक इलाज करा चुके 2500 बच्चों से बातचीत की. अपने बीच पीएम को देखकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए.
पीएम मोदी ने शेयर किया वीडियो
पीएम मोदी ने बच्चों के साथ इस मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. पीएम ने कहा ‘छत्तीसगढ़ यात्रा के दौरान, मेरी मुलाक़ात अपने उन युवा मित्रों से हुई, जिनका जन्मजात हृदय रोगों का सफलतापूर्वक इलाज हो चुका है. उनका जज्बा वाकई प्रेरणादायक है. पीएम से मुलाकात के दौरान बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया. वहीं पीएम का भी बच्चों के साथ एक अलग स्नेह नजर आया. इस दौरान उन्होंने बच्चों को गले लगाया, उनसे हाथ मिलाया और उनके सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद देकर उनसे दिल की बात की.
During my Chhattisgarh visit, I met my young friends who have been successfully treated for congenital heart ailments. Their spirit is truly inspiring. pic.twitter.com/FKLdVMFdGU
— Narendra Modi (@narendramodi) November 1, 2025
बच्चों ने पीएम को बीमारी के बारे में बताया
इस दैरान बच्चों ने अपना अपना अनुभव बताया. एक बच्ची ने पीएम को बताया कि वो हॉकी की चैम्पियन है और उसने पांच मेडल जीते हैं. बच्ची ने अपनी बीमारी को लेकर बताया कि स्कूल में जांच के दौरान उसे पता चला कि उसके दिल में छेद है. इसके बाद सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में उनका ऑपरेशन हुआ और अब वो पूरी तरह से ठीक है और खेलती भी है. पीएम ने बच्ची से पूछा कि वो बड़े होकर क्या बनेगी तो उसने कहा कि वो डॉक्टर बनेगी और सभी का इलाज करेगी. बच्ची कहती है कि उसने कभी नहीं सोचा था कि कभी पीएम से मिल पाएगी. उसने कहा कि पीएम से मिलकर काफी खुशी हो रही है.

पीएम ने बच्चों को साईं बाबा के बारे में बताया
इस दैरान एक बच्ची ने पीएम को एक कविता भी सुनाई. इसी तरह पीएम ने और भी कई बच्चों से बात की वहीं बच्चों ने उन्हें अपनी बीमारी और अपने फ्यूचर प्लान के बारे में बात की. इस दौरान पीएम ने सत्य साई बाबा के बारे में बच्चों को बताया. पीएम ने बच्चों को साईं बाबा के पानी के लिए किए गए काम के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि साईं बाबा ने करीब 400 गांव को पीने का पानी पहुंचाया. इस दौरान पीएम मोदी ने बच्चों को पानी बचाने का संदेश भी दिया.
पीएम ने पेड़ लगाने पर दिया जोर
इसके साथ ही पीएम मोदी ने पेड़ लगाने पर भी जोर दिया. उन्होंने बच्चों को बताया कि वो एक पेड़ मां के नाम से अभियान चला रहे हैं. उन्होंने कहा कि हर एक को अपनी मां के नाम से एक पेड़ लगाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इससे धर्ती मां और अपनी मां दोनों का कर्ज चुकाते हैं. इसके साथ ही पीएम ने बच्चों को स्वस्थ रहने को कहा साथ ही सभी को शुभकामनाएं दीं.
इस कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवा रायपुर में ब्रह्माकुमारी के ‘शांति शिखर’ का उद्घाटन किया, जो आध्यात्मिक शिक्षा, शांति और ध्यान का एक आधुनिक केंद्र है. उन्होंने कहा कि आज का दिन बहुत विशेष है. पीएम ने कहा कि आज हमारा छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 25 साल पूरे कर रहा है. छत्तीसगढ़ के साथ ही झारखंड और उत्तराखंड के भी 25 वर्ष पूरे हुए हैं. उन्होंने कहा कि आज देश के और भी कई राज्य अपना स्थापना दिवस मना रहे हैं. मैं इन सभी राज्यों के निवासियों को स्थापना दिवस की बहुत-बहुत बधाई देता हूं.

