छात्र ने हॉस्टल के कमरे में लगाई फांसी.
देशभर में छात्रों के सुसाइड के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. ताजा मामला महाराष्ट्र के चंद्रपुर शहर का है. यहां कक्षा 11 के एक छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी. छात्र के पिता ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि हॉस्टल के वार्डन, प्रबंधक, सलाहकार और प्राचार्य उनके बेटे को मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे. इसी वजह से बेटे ने फांसी लगाकर जान दे दी. फिलहाल पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बता दें कि चंद्रपुर शहर के दाताला मार्ग एक स्कूल है. स्कूल के अंदर ही हॉस्टल बना हुआ है, जहां छात्र रहते भी हैं. बीते गुरुवार को कक्षा 11 के एक छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी. 17 वर्षीय मृत छात्र चंद्रपुर शहर के ही धानोरा पिपरी का रहने वाला था. छात्र के सुसाइड की खबर मिलते ही घर पर कोहराम मच गया. उधर, घटना की जानकारी मिलते ही रामनगर थाना पुलिस टीम हॉस्टल पहुंची और छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
इन 4 लोगों पर लगे गंभीर आरोप
उधर, मृतक के पिता गुलाब विठुजी सुदरी ने रामनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई और स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. दर्ज शिकायत में उन्होंने बताया कि हॉस्टल के वार्डन, प्रबंधक, सलाहकार और प्राचार्य उनके बेटे को मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे. पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने वार्डन लक्ष्मण रमाजी चौधरी, प्रबंधक प्रेमा झोटिंग, सलाहकार विष्णुदास शरद ठाकरे और प्राचार्य आशीष कृष्णाजी महातले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया.
हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव
रामनगर पुलिस ने बताया कि चंद्रपुर शहर के जनता लॉन्चर स्कूल में छात्र 11वीं कक्षा में पढ़ता था. वह शहर के दाताला मार्ग स्थित स्कूल के हॉस्टल में ही रहता था. गुरुवार सुबह उसके साथी छात्र स्कूल गए, लेकिन वह नहीं गया. इसी दौरान उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जब उसके साथी छात्र स्कूल से हॉस्टल के रूम में पहुंचे तो देखा कि वह पंखे पर फंदे पर लटका हुआ था. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. फिलहाल छात्र के पिता के लगाए आरोपों पर जांच-पड़ताल की जा रही है.

