हादसे की तस्वीर.
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से बड़ी खबर सामने आई है. यहां तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई. ये दर्दनाक हादसा ग्वालियर-झांसी हाइवे पर मालवा कॉलेज के सामने रविवार सुबह 6:35 बजे हुआ.
सभी मृतक ग्वालियर निवासी बताए जा रहे हैं. वो MP07 CG 9006 नंबर की फॉर्च्यूनर में उत्तर प्रदेश के झांसी से एक कार्यक्रम में शामिल होकर ग्वालियर लौट रहे थे. कार जैसे ही मालवा कॉलेज के सामने पहुंची, मोड़ पर रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सामने आ गई.
तेज रफ्तार होने के कारण ड्राइवर, कार को नियंत्रित नहीं कर सका और कार पीछे से ट्रॉली में घुस गई. शव कार और ट्रॉली के बीच बुरी तरह फंसे हुए थे. पुलिस और स्थानीय निवासियों ने कटर मशीन की मदद से गाड़ी को काटकर शवों को बाहर निकाला.
मामले में क्या बोली पुलिस?
पुलिस के मुताबिक, कार झांसी की ओर से आ रही थी. सिकरौदा चौराहा से आगे निकली थी तभी रेत से भरा ट्रैक्टर और ट्राली उसके सामने आ गई. कार तेज रफ्तार में थी, अचानक ट्रैक्टर ट्राली के सामने आने पर कार का चालक गाड़ी पर कंट्रोल नहीं कर पाया और कार ट्रैक्टर ट्रॉली में घुस गई.

