मिग्सन ट्विंस सोसाइटी में घटी घटना
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में स्थित मिग्सन ट्विंस सोसाइटी में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक घटना घटी. सोसाइटी में रहने वाली एक युवती ने टावर की 16वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली. अचानक हुई इस घटना से सोसाइटी के लोग सहम गए. जब लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि युवती के शव के आसपास खून बिखरा पड़ा था. आनन-फानन में लोगों ने सूरजपुर कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवती एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थी और अपने दोस्तों के साथ यहीं फ्लैट में रहती थी. बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम के समय उसने किसी व्यक्ति को फोन किया था. काफी देर तक दोनों में बातचीत हुई. बातचीत के तुरंत बाद वह अचानक बालकनी की ओर गई और नीचे कूद गई. यह सब कुछ इतनी जल्दी हुआ कि उसकी साथ रहने वाली अन्य दोस्त कुछ समझ नहीं पाईं.
युवती के घरवालों को दी सुसाइड की जानकारी
युवती के गिरने की आवाज सुनकर सोसाइटी के लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने घटना की सूचना सूरजपुर कोतवाली पुलिस को दी. घटना की सूचना मिलते ही सूरजपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से युवती को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने युवती की पहचान कर उसके घरवालों को भी घटना की जानकारी दी.
कोतवाली प्रभारी ने दी घटना की जानकारी
सूरजपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ, जिससे आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस सभी संभावित कारणों का पता लगाकर मामले की जांच कर रही है. युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने फ्लैट में रहने वाले दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी है और युवती के फोन कॉल रिकॉर्ड व अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या की वजह सामने आ सके.

