यमुना नदी में क्रूज (प्रतीकात्मक तस्वीर)
क्रूज का मजा लेने के लिए लोग अक्सर गोवा या मुंबई जाते हैं. लेकिन क्या हो जब आपको क्रूज का मजेदार सफर दिल्ली में ही करने को मिल जाए? हैरानी हुई ना? लेकिन ये सच है. जी हां, दिल्ली सरकार ने ऐसा मास्टरप्लान बनाया है, जिसके अंतर्गत अब यमुना नदी में क्रूज की सवारी का आप आनंद ले सकेंगे.
जानकारी के मुताबिक, इस दिसंबर से यमुना में क्रूज की यात्रा शुरू होने की उम्मीद है. पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि यह क्रूज जल्द ही यमुना में सोनिया विहार पुस्ते से जगतपुर के बीच का सफर तय करेगा. उन्होंने बताया कि यमुना किनारे पर्यटन को इससे बढ़ावा मिलेगा.
दिल्ली में यमुना को स्वच्छ बनाने के साथ उसके आसपास पर्यटन स्थल विकसित करने की योजना पर दिल्ली सरकार काम कर रही है. इस दिशा में पर्यटन मंत्रालय ने यमुना में क्रूज चलाने की घोषणा कुछ महीने पहले की थी. पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि क्रूज के सभी हिस्सों को जोड़ने का काम चल रहा है. अगले कुछ दिनों में यह तैयार हो जाएगा. इसके बाद इसे यमुना में परिचालन के लिए उतारा जाएगा. उन्होंने बताया कि सोनिया विहार पुस्ते के पास इसके ठहरने, उसमें सवार होने वाले यात्रियों के आने-जाने आदि की व्यवस्था की जा रही है.
क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?
क्रूज में 90 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। खाने-पीने के लिए क्रूज में रेस्तरां-कैफे का बंदोबस्त किया जाएगा. यात्रियों को यह क्रूज सोनिया विहार पुस्ते से बिठाएगी और लगभग 8 किलोमीटर का (जगतपुर शनि मंदिर तक) चक्कर लगाकर वापस सोनिया विहार पुस्ते पर ही छोड़ेगी. मानसून में बंद रहेगी सेवाक्रूज सेवा को मानसून में बंद रखा जाएगा. मानसून में बारिश एवं यमुना का जलस्तर बढ़ने के चलते सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह सेवा बंद रहेगी. सूत्रों ने बताया कि क्रूज सेवा शुरू होने के बाद यमुना किनारे पर्यटन स्थल विकसित करने की दिशा में सरकार काम करेगी.
