जबलपुर में युवती से गैंगरेप.
मध्य प्रदेश के जबलपुर में इंसानियत को शर्मसार कर देने का एक मामला सामने आया है. तिलवारा थाना क्षेत्र में देर रात दो युवकों ने एक युवती को गुटखा खिलाने का लालच देकर खेत में ले जाकर गैंगरेप किया और इसके बाद दरिंदों ने गला दबाकर हत्या करने की कोशिश भी की. पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान पवन भूमिया और राजेंद्र भूमिया के रूप में की, जिन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
गुटखा दिलाने के बहाने ले गए
घटना बीती रात की है, जब पीड़िता अपने घर के आंगन में सो रही थी. उसी दौरान मोहल्ले के रहने वाले दोनों आरोपी वहां पहुंचे और युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए. उन्होंने युवती से कहा कि वे उसे गुटखा दिला देंगे. युवती उनके झांसे में आ गई और उनके साथ चली गई. आरोपियों ने सुनसान खेत में पहुंचकर पहले उससे छेड़छाड़ की. फिर जबरदस्ती करने लगे. जब युवती ने विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की तो दोनों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया.
पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
किसी तरह युवती ने हिम्मत जुटाई और वहां से भागकर अपने घर पहुंची. उसने रोते हुए पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी. परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद तिलवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए और उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा. मेडिकल रिपोर्ट में रेप की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण, गैंगरेप, मारपीट और हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया. आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
दोनों आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि घटना बेहद गंभीर है. पीड़िता की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की. दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने कहा कि जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और इलाके में छोटी-मोटी वारदातों में संलिप्त रहे हैं. एएसपी ने बताया कि पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल से मिट्टी के सैंपल, कपड़े और अन्य वस्तुएं जब्त की हैं. वहीं, घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जिसके चलते पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने.
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोग भी आक्रोशित हैं. उन्होंने मांग की है कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी घिनौनी हरकत करने से पहले सौ बार सोचे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई करवाई जाएगी, ताकि पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके. तिलवारा पुलिस ने पूरे मामले की विवेचना शुरू कर दी है और यह भी जांच की जा रही है कि क्या किसी तीसरे व्यक्ति की इसमें भूमिका रही है.
