पॉल्यूशन से बालों पर असर Image Credit source: PTI / Getty Images
देश के कई हिस्सों में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है. हवा में मौजूद धूल, धुआं और हानिकारक कण सिर्फ फेफड़ों, आंखों या त्वचा के लिए ही नहीं, बल्कि बालों के लिए भी नुकसानदायक हैं. प्रदूषण के छोटे-छोटे कण PM2.5 और PM10 स्कैल्प पर जम जाते हैं और बालों की जड़ों को कमजोर कर देते हैं. इससे न सिर्फ बालों की चमक और मजबूती कम होती है, बल्कि स्कैल्प में खुजली, रूखापन और डैंड्रफ जैसी समस्याएं भी बढ़ जाती हैं.
प्रदूषण के लगातार संपर्क में रहने से स्कैल्प की सेहत बिगड़ जाती है. गंदगी और धूल स्कैल्प के पोर्स को बंद कर देती है, जिससे हेयर फॉलिकल्स को ऑक्सीजन और पोषण नहीं मिल पाता. इसके लक्षणों में बालों का बेजान होना, रूखापन, टूटना, डैंड्रफ बढ़ना और स्कैल्प में खुजली शामिल हैं. कई बार बालों में चिपचिपापन और बदबू भी महसूस होती है. अगर ध्यान न दिया जाए तो ये समस्या धीरे-धीरे बाल झड़ने और गंजेपन में बदल सकती है. प्रदूषण से बालों में मौजूद प्रोटीन की मात्रा भी कम हो जाती है, जिससे बालों की नैचुरल ग्रोथ रुक जाती है.
क्या बढ़ते पॉल्यूशन से भी झड़ने लगते हैं बाल?
एम्स में डर्मेटोलॉजी विभाग में डॉ. सुमेश कुमार बताते हैं कि आजकल उनके पास जो मरीज आ रहे हैं, उनमें स्किन और हेयर की परेशानियां काफी बढ़ गई हैं. जिन लोगों को पहले से एक्ने या पिंपल की समस्या थी, उनकी दिक्कत और ज्यादा बढ़ गई है. सोरायसिस जैसी स्किन डिजीज के मामले भी देखने को मिल रहे हैं. प्रदूषण का असर बालों पर भी साफ दिखता है. हालांकि बाल झड़ने पर इसका सीधा असर नहीं होता, लेकिन यह बालों की क्वालिटी को खराब करता है और जड़ों को कमजोर बनाता है. अगर पहले से बालों से जुड़ी कोई समस्या है, तो प्रदूषण उसे और बढ़ा सकता है और बाल झड़ने का कारण बन सकता है.
डॉ. कुमार ने बताया कि प्रदूषण से स्कैल्प की सतह पर ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ जाता है, जिससे बालों का नैचुरल ऑयल खत्म होने लगता है. इससे बालों में ड्राइनेस, स्प्लिट एंड्स और कलर फेडिंग जैसी दिक्कतें बढ़ती हैं. लगातार गंदगी जमने से बालों की ग्रोथ साइकिल पर भी असर पड़ता है, जिससे हेयर लॉस की समस्या तेजी से बढ़ सकती है.
कैसे करें बचाव
बाहर निकलते समय स्कार्फ या कैप से बालों को कवर करें.
हफ्ते में 2 बार डीप कंडीशनिंग या हेयर ऑयल मसाज करें.
अपने डाइट में प्रोटीन, आयरन और विटामिन ई युक्त चीजों को शामिल करें.
प्रदूषण वाले दिनों में हेयर स्प्रे या जेल का इस्तेमाल कम करें.
अगर हेयर फॉल ज्यादा हो रहा है, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह जरूर लें.

