विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार
बिहार विधानसभा के नए स्पीकर के तौर पर बीजेपी के सीनियर लीडर प्रेम कुमार को निर्विरोध चुन लिया गया है. प्रेम कुमार ने आज मंगलवार को सदन में स्पीकर की कुर्सी भी संभाल ली. रिकॉर्डतोड़ जीत के साथ विधानसभा पहुंचे प्रेम के नाम को लेकर विपक्ष का भी समर्थन रहा. विपक्ष ने उनके खिलाफ कोई प्रत्याशी नहीं उतारा.
पूर्व मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार पिछले महीने बिहार में हुए विधानसभा चुनाव में गया जिले की गया टाउन सीट से लगातार 9वीं बार चुनकर विधानसभा पहुंचे. डॉ. प्रेम कुमार ने स्पीकर पद के लिए कल सोमवार को नामांकन दाखिल किया था. सदन के स्पीकर चुने जाने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने उन्हें बधाई दी.
बिहार विधानसभा का स्पीकर चुने जाने के बाद डॉक्टर प्रेम कुमार ने कहा कि स्पीकर के रूप में मेरा कर्तव्य होगा कि सदन के संचालन के नियमों का पालन करते हुए सभी सदस्यों के अधिकारों का पालन हो. जरूरी है कि विचारों के विविधता के बीच संवाद को बढ़ाएं. हमें जनता की सेवा का मौका मिला है. मेरे लिए सरकार और विपक्ष दोनों समान रूप से होंगे.
9 बार से लगातार जीत रहे प्रेम कुमार
प्रेम कुमार 3 दशक से भी ज्यादा समय से राजनीति में एक्टिव हैं. गया जिले की टाउन सीट से वे लगातार 9 बार से विधायक हैं. एनडीए सरकार में उन्हें कई बार मंत्री भी बनाया गया है. पढ़ाई लिखाई की बात की जाए तो प्रेम कुमार एलएलबी और पीएचडी कर चुके हैं. संपत्ति की बात की जाए, तो उनके पास 13 करोड़ से अधिक की संपत्ति है. इसके अलावा उनके ऊपर 18 आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं.
बीजेपी के पाले में बड़े पद
बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार बीजेपी का कब्जा रहा है. शानदार प्रदर्शन करते हुए बीजेपी 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी है. जबकि जेडीयू 85 सीटों के साथ जीतकर आई. यही वजह है कि इस बार सरकार में बीजेपी कहीं ज्यादा पावर में नजर आ रही है. दो डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा हैं. गृह विभाग भी बीजेपी के कब्जे में है और अब विधानसभा स्पीकर भी बीजेपी का हो गया है. इससे साफ है कि बीजेपी इस बार प्रदेश में अलग भूमिका में है.

