प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के छपरा में एक जनसभा को संबोधित किया. इससे पहले उन्होंने मुजफ्फरपुर की रैली में कांग्रेस और आरजेडी पर जमकर निशाना साधा था. छपरा में पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आज आपको एक गारंटी देता हूं. आपका सपना ही मेरा संकल्प है. नरेंद्र और नीतीश आपके सपनों को पूरा करने में जुटे हैं. इसके साथ ही उन्होंने इंडिया गठबंधन पर भी हमला बोला है, उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस चुनाव में सारी हदें पार कर दी हैं, जिन्होंने बिहारियों का अपमान किया उन्हें प्रचार के लिए बुला रहे हैं. इससे साफ है कि कांग्रेस ही आरजेडी को हराना चाहती है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में सुशासन से समृद्धि की यात्रा ऐसी ही चलती रहनी चाहिए. इसीलिए मैं आज आपके पास आशीर्वाद मांगने आया हूं. छपरा आना अनेक प्रेरणाओं से जुड़ना है. ये धरती आस्था, कला और आंदोलन की है. इस मिट्टी में जादू है, जो शब्दों को भी जीवंत बना देती है. भिखारी ठाकुर ने इसी मिट्टी की महक को गीतों में पिरोया था. भोजपुरी और समाज की जो सेवा उन्होंने की वो आने वाली हर पीड़ि को प्रेरित करती रहेगी.
मैं भी पूर्वांचल का सांसद- मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि मैं भी पूर्वांचल का सांसद हूं. बनारसी बोलत बोलत अब हमरा के भोजपुरी में कौनो दिक्कत ना होला. काफी कुछ अब समझ में आ गइल बा. इसलिए मैं जब भोजपुरी का सम्मान देश दुनिया में देखता हूं तो गर्व होता है.
इंडिया गठबंधन पर जमकर साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया गठबंधन पर भी जमकर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि लालटेन वाले हों, पंजे वाले हों या उनके इंडी गठबंधन के साथी ये लोग कैसे बिहार और बिहारियों का अपमान करने में लगे हैं. पंजाब में कांग्रेस के मुख्यमंत्री ने ऐसा खुला ऐलान किया कि वो बिहार के लोगों को अपने राज्य पंजाब में घुसने नहीं देंगे. उस वक्त मंच पर गांधी परिवार की एक बेटी जो आजकल संसद में बैठती है वो भी मौजूद थी.
कांग्रेस ने इस बार हद कर दी- पीएम
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर बिहारियों के अपमान का भी आरोप भी लगाया है. उन्होंने कहा कि तेलंगाना और कर्नाटक में कांग्रेस के नेता बिहारियों को गालियां देते हैं. तमिलनाडु में DMK के नेता बिहारियों को प्रताड़ित करते हैं. इस बार के चुनाव में कांग्रेस ने तो इन्होंने सारी हदें पार कर दी है, जिन लोगों ने बिहार को गालियां दीं, उन्हें कांग्रेस ने चुनाव प्रचार के लिए बुलाया है. इतना सब कुछ हो रहा है और बिहार में आरजेडी को सांप सूंघ जाता है.
उन्होंने कहा कि ये सब कुछ सोची-समझी साजिश के तहत किया जा रहा है. कांग्रेस चाहती है कि आरजेडी का चुनाव में नुकसान हो, इसलिए उन्हें प्रचार के लिए बुला रही है. ये एक उदाहरण है कि कांग्रेस-आरजेडी की लड़ाई कितनी बड़ी होती जा रही है.
