कर्नाटक के मुख्समंत्री सिद्धारमैया
कर्नाटक के मुख्समंत्री सिद्धारमैया के एक दिवाली समारोह के दौरान दक्षिण कन्नड़ जिले के पुत्तूर तालुक स्टेडियम में 10 लोगों के बीमार पड़ने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि आयोजकों की लापरवाही के चलते के ऐसा हुआ है. घटना के बाद बीमार पड़ने वाले लोगों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया दक्षिण कन्नड़ जिले के पुत्तूर तालुक स्टेडियम में एक दिवाली समारोह में पहुंचे थे. ‘अशोका जनामना’ नामक इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक अशोक राय भी शामिल थे. अशोक राय चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस समारोह में कपड़े, थाली-कटोरे बांटने और सामूहिक भोज का आयोजन किया गया था, जिसका उद्घाटन सीएम सिद्धारमैया ने किया.
हाइपोग्लाइसीमिया और डिहाइड्रेशन से बिगड़ी तबियत
बताया जा रहा है कि भीड़ के कारण खाना और गिफ्ट बांटने में देरी हुई जिससे कई लोगों को हाइपोग्लाइसीमिया (खून में शुगर की कमी हो जाना) और डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी हो जाना) की शिकायत हुई. खासकर महिलाओं और बच्चों को पीने का पानी न मिलने से उनकी हालत बिगड़ गई. करीब तीन महिलाओं को तत्काल आईवी फ्ल्यूड्स दिए गए, जबकि तीन अन्य को ओपीडी में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई. बाकी मरीजों को पुत्तूर तालुक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
#WATCH | At least 10 people fell ill during an event of Karnataka CM Siddaramaiah in Dakshina Kannada today. Visuals from outside the hospital in Puttur.
Dakshina Kannada district police say, “Hypoglycemia or dehydration was caused due to the delay in providing food and gifts. pic.twitter.com/pieiSYL3du
— ANI (@ANI) October 20, 2025
20 हजार लोगों की क्षमता वाले स्टेडियम में 1 लाख हुए थे जमा
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि स्टेडियम की क्षमता 20,000 लोगों की थी, लेकिन आयोजकों की उम्मीद से परे 1 लाख लोग जमा हो गए. इस वजह से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई. दोपहर के भोजन के बाद कुछ लोग चक्कर खाकर गिर पड़े।.पुलिस ने पहले ही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चेतावनी दी थी, लेकिन आयोजकों की ओर से पर्याप्त सावधानी नहीं बरती गई.
स्थानीय लोगों ने लगाया आरोप
इस घटना ने आयोजकों में सुरक्षा और प्रबंधन की कमी को उजागर किया है. स्थानीय लोगों ने आयोजकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है और मांग की है भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं. वहीं इस घटना को लेकर अभी तक सरकार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
बेंगलुरु स्टेडियम में मची थी भगदड़
कर्नाटक के बेंगलुरु स्टेडियम में 4 जून 2025 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ( RCB ) की जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत और 50 से अधिक लोगों के घायल हो गए थे. इस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और अन्य मंत्री वहां मौजूद थे. इस घटना के बाद कई प्रशासनिक और पुलिस अफसरों पर एक्शन हुआ था.
