बेल्लारी में पोस्टर को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के लोगों के बीच झड़प
कर्नाटक के बेल्लारी में सत्तारुढ़ कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के समर्थकों के बीच झड़प की वजह से स्थिति तनावपूर्ण हो गई है. पुलिस का कहना है कि बेल्लारी में कांग्रेस विधायक नारा भरत रेड्डी और बीजेपी विधायक जी जनार्धन रेड्डी के समर्थकों के बीच बैनर लगाने को लेकर झड़प हो गई. घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई. हालांकि पुलिस का दावा है कि वहां पर स्थिति अब नियंत्रण में है.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जनार्धन रेड्डी के समर्थकों ने भरत रेड्डी के समर्थकों की ओर से हवाम्बावी नगर स्थित अपने नेता के घर के सामने बैनर लगाने पर आपत्ति जताई. लेकिन धीरे-धीरे विवाद बढ़ गया और और कथित तौर पर दोनों ओर से समर्थकों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी. जैसे ही माहौल तनावपूर्ण होने लगा, पूर्व मंत्री श्रीरामुलु मौके पर पहुंच गए. इस बीच कांग्रेस विधायक नारा भरत रेड्डी के करीबी सतीश रेड्डी भी मौके पर पहुंच गए.
किसकी फायरिंग में मारा गया राजशेखर
इसी दौरान, प्राइवेट बंदूकधारियों ने फायरिंग शुरू कर दी. स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने भी हवा में फायरिंग की. फायरिंग में कांग्रेस कार्यकर्ता राजशेखर की मौत हो गई. हालांकि यह पता नहीं चल सका है कि कांग्रेस कार्यकर्ता को गोली किसने मारी.
VIDEO | Tension flared up in Ballari on Thursday after clashes allegedly broke out between supporters of BJP MLA Janardhana Reddy and Congress MLA Bharath Reddy over the installation of banners here, police said.
Rumours circulated that a person had been killed in the firing pic.twitter.com/w4ispPPPRy
— Press Trust of India (@PTI_News) January 1, 2026
पुलिस का कहना है कि दोनों गुटों के कुछ लोगों ने अपने विरोधियों और मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके. भीड़ को तितर-बितर करने की शुरुआती कोशिशें सफल नहीं होने के बाद, पुलिस ने स्थिति को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी दागे.
हवा में फायरिंग करता दिखा शख्स
तनाव को लेकर पुलिस ने बताया कि बैनर लगाने को लेकर हुई झड़प के बाद गुरुवार को शहर में तनाव फैल गया. धीरे-धीरे यह अफवाह भी फैल गई कि फायरिंग के दौरान में एक शख्स की मौत हो गई है, हालांकि पुलिस ने तब किसी के मारे जाने की पुष्टि नहीं की थी.
हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक प्राइवेट बंदूकधारी कथित तौर पर हवा में गोलियां चलाता दिख रहा है, जिससे इलाके में तनाव फैल गया. यह झड़प कल शनिवार को बेल्लारी में होने वाले वाल्मीकि प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम से पहले हुई. झड़प की वजह से जैसे ही स्थिति तनावपूर्ण होने लगी पुलिस ने एहतियातन अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात कर दिया.
मेरी हत्या की साजिश रची गईः जनार्धन
बाद में बीजेपी विधायक, जनार्धन रेड्डी ने आरोप लगाया कि बेल्लारी शहर के विधायक भरत रेड्डी, उनके करीबी सहयोगी सतीश रेड्डी और भरत रेड्डी के पिता नारा सूर्यनारायण रेड्डी ने उनकी हत्या करने की साजिश रची थी. उन्होंने यह भी दावा किया कि बैनर विवाद के बहाने बंदूकधारियों ने उनके घर के सामने फायरिंग की.
इसे भी पढ़ें — गीजर से गैस लीक, बाथरूम में घुट गया दम बर्थडे पर शिवसेना नेता की बेटी की मौत
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जैसे ही वह गंगावती से आए और अपनी गाड़ी से बाहर निकले, सतीश रेड्डी के बंदूकधारियों ने अचानक से फायरिंग शुरू कर दी. उन्होंने बताया कि बंदूकधारियों ने कथित तौर पर चार से पांच राउंड फायरिंग की. साथ ही उन्होंने वे गोलियां भी दिखाईं, जिनके बारे में दावा किया जा रहा है कि वे झड़प के दौरान चलाई गई थीं.
जनार्धन का आरोप है कि वाल्मीकि प्रतिमा लगाने की आड़ में “शहर में आग लगाने” की कोशिश की जा रही थी, और उन्होंने भरत रेड्डी पर अपराधियों और गुंडों का इस्तेमाल करके डराने-धमकाने का आरोप लगाया. पुलिस का कहना है कि घटनाओं के क्रम का पता लगाने और आरोपों की पुष्टि करने के लिए जांच की जा रही है.

