इंटरनेशनल मिलिट्री एडवेंचर चैलेंज कप (IMACC) 2026.
भारतीय सेना पहली बार इंटरनेशनल मिलिट्री एडवेंचर चैलेंज कप (IMACC) 2026 का आयोजन करने जा रही है. यह प्रतियोगिता 18 से 23 फरवरी 2026 तक पूर्वी हिमालय की तलहटी में आयोजित होगी. यह एक हफ्ते तक चलने वाला बड़ा अंतरराष्ट्रीय सैन्य आयोजन होगा, जिसमें सात मित्र देशों (भूटान, ब्राजील, कज़ाखस्तान, किर्गिस्तान, नेपाल, श्रीलंका, सऊदी अरब) की टीमें हिस्सा लेंगी. भारत की ओर से भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना, भारतीय तटरक्षक बल और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की टीमें भी हिस्सा लेंगी.
कैसी होगी प्रतियोगिता?
इस प्रतियोगिता में सैनिकों की शारीरिक और मानसिक ताकत की कड़ी परीक्षा होगी. जिसमें पहाड़ी और कठिन रास्तों पर दौड़, बाधा दौड़ (Obstacle Course), टीम बेस्ड टास्क, दबाव में फैसले लेने की चुनौती, सहनशक्ति और नेतृत्व क्षमता की परीक्षा से गुजरना होगा. ये सभी चुनौतियां असली सैन्य ऑपरेशन जैसी परिस्थितियों में कराई जाएंगी.
इस आयोजन का उद्देश्य क्या?
अंतरराष्ट्रीय सैन्य खेल दुनिया भर की सेनाओं के बीच दोस्ती और भरोसा बढ़ाने का जरिया होते हैं. ये प्रतियोगिताएं CISM के सिद्धांत खेल के माध्यम से मित्रता पर आधारित होती हैं. भारत पहले भी इस परंपरा का हिस्सा रहा है और साल 2007 में की मेजबानी कर चुका है.
क्यों खास है IMACC 2026?
- यह पारंपरिक स्टेडियम खेलों से अलग है.
- इसमें एडवेंचर, फील्ड स्किल और आधुनिक सैन्य प्रशिक्षण पर जोर दिया जाएगा.
- यह सैनिकों के बीच भाईचारे और सहयोग को मजबूत करेगा.
- भारत की फिटनेस और प्रोफेशनल क्षमता को दुनिया के सामने प्रदर्शित करेगा.
भारत के लिए क्या मायने?
IMACC 2026 सिर्फ एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि रक्षा सहयोग और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूत करने का बड़ा मंच है. इसकी मेजबानी कर भारतीय सेना यह संदेश दे रही है कि वह न सिर्फ सैन्य शक्ति में मजबूत है, बल्कि दोस्ती और सहयोग में भी अग्रणी भूमिका निभाने को तैयार है.


