आखिरी 2 ओवर में भारतीय पारी बुरी तरह लड़खड़ा गईImage Credit source: PTI
मौजूदा चैंपियन टीम इंडिया को लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने का दावेदार माना जा रहा है. टूर्नामेंट के भारत में ही होने के कारण टीम इंडिया की दावेदारी ज्यादा मजबूत है भी. मगर सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने जिस तरह की शुरुआत की है, उसने थोड़ी चिंता बढ़ा दी है. अमेरिका के खिलाफ मैच में टीम इंडिया का टॉप और मिडिल ऑर्डर पस्त हुआ था तो अगले ही मैच में मिडिल और लोअर मिडिल-ऑर्डर ने निराश कर दिया. नामीबिया के खिलाफ दूसरे मैच में बेहतरीन शुरुआत के बाद टीम इंडिया का बुरा हाल हो गया और आखिरी 2 ओवर में ही आधी टीम आउट हो गई.
टॉप ऑर्डर ने दिलाई तेज शुरुआत
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में गुरुवार 12 फरवरी को भारतीय टीम ग्रुप स्टेज के अपने दूसरे मुकाबले के लिए मैदान पर उतरी थी. पिछले मैच में USA ने सिर्फ 77 रन पर ही भारतीय टीम के शुरुआती 6 विकेट गिरा दिए थे. इस बार कहानी अलग रही और टीम के लिए ईशान किशन-संजू सैमसन की ओपनिंर जोड़ी ने विस्फोटक आगाज किया. भारतीय टीम ने 10 ओवर में 120 रन बना लिए थे, जब लगातार 2 ओवर में कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा आउट हुए. मगर इसके बाद भी हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे ने टीम को 200 रन के पार पहुंचा दिया.
टी20 वर्ल्ड कप की हर ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आखिरी 11 गेंदों में आया विकेट का पतझड़
बस यहीं पर टीम इंडिया की पारी लड़खड़ा गई. 19वें ओवर की पहली ही गेंद पर हार्दिक ने गेरहार्ड इरासमस की गेंद पर छक्का मारते हुए टीम को 200 रन के पार पहुंचाया. मगर इसके बाद अगली 11 गेंदों पर टीम इंडिया ने 5 विकेट गंवा दिए, जबकि उसके बल्लेबाज सिर्फ 4 रन ही स्कोरकार्ड में जोड़ पाए. उस छक्के के बाद ओवर की दूसरी ही गेंद पर हार्दिक कैच दे बैठे, जबकि तीसरी गेंद पर शिवम दुबे रन आउट हो गए. पांचवीं गेंद पर रिंकू ने एक रन लिया लेकिन छठी गेंद पर अक्षर पटेल बोल्ड हो गए.
अब आखिरी ओवर में रिंकू पर नजरें थीं लेकिन शुरुआती 2 गेंदों पर वो कोई रन नहीं बटोर सके. फिर तीसरी गेंद पर वो खुद आउट हो गए. अगली 2 गेंदों पर भारत को 2 रन मिले, जबकि आखिरी गेंद पर 1 रन लेकर दूसरा रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए. इस तरह जो टीम इंडिया 225-230 रन की ओर बढ़ती हुई दिख रही थी, वो सिर्फ 209 रन तक ही पहुंच सकी.
इन बल्लेबाजों ने जमाया रंग
इससे पहले ईशान किशन ने टीम इंडिया के लिए सिर्फ 20 गेंदों में विस्फोटक अर्धशतक जमाया. वो टी20 वर्ल्ड कप में फिफ्टी जड़ने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बने. ईशान ने 24 गेंदों में 61 रन की पारी खेली. दूसरी ओर टीम में लौटे संजू सैमसन ने शुरुआती 2 ओवर में 3 छक्के और 1 चौके की मदद से 8 गेंदों में 22 रन कूटे. वहीं हार्दिक पंड्या ने 28 गेंदों में 52 रन की पारी खेली, जबकि शिवम दुबे ने भी 16 गेंदों में 23 रन बनाए.


