पीएम मोदी डिब्रूगढ़-मोरन राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्लेन से लैंड करेंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 फरवरी को असम में रहेंगे. पीएम मोदी असम के डिब्रूगढ़-मोरन राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने हाईवे-आधारित इमरजेंसी एयरस्ट्रिप पर उतरेंगे. वे यहां सेना के प्लेन से लैंड करेंगे. इस दौरान करीब 30 से 40 मिनट तक आसमानों में राफेल-सुखोई का खास प्रदर्शन भी होगा. पिछले करीब पिछले 11 वर्षों में पीएम मोदी का असम का 38वां दौरा होगा.
यह पूर्वोत्तर भारत में अपनी तरह का पहला कार्यक्रम होगा, जब किसी प्रधानमंत्री का विमान एयरपोर्ट के बजाय हाईवे पर बने आपात लैंडिंग स्ट्रिप पर उतरेगा. यह आयोजन न केवल पूर्वोत्तर क्षेत्र की रणनीतिक क्षमता और आपात तैयारी को दिखाएगा, बल्कि हाईवे-आधारित एयरस्ट्रिप की उपयोगिता को भी सामने लाएगा. प्रधानमंत्री की यह यात्रा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और राष्ट्रीय सुरक्षा दृष्टि से एक अहम संदेश मानी जा रही है.
राफेल और सुखोई का होगा विशेष एरियल डेमो
बताया जा रहा है कि मोरन एयरस्ट्रिप NH-127 के 4.2 किलोमीटर हिस्से पर विकसित की गई है. यह भारतीय वायुसेना की पहली इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) है, जिसे सैन्य और नागरिक दोनों तरह के विमानों के लिए तैयार किया गया है. डिफेंस सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री की मौजूदगी में राफेल और सुखोई लड़ाकू विमानों का विशेष एरियल डेमो होगा. कार्यक्रम के दौरान फाइटर जेट्स हाईवे पर लैंडिंग और टेक-ऑफ का प्रदर्शन करेंगे. यह डेमो करीब 30 से 40 मिनट तक चलेगा.
पुल का करेंगे उद्घाटन, 100 EV बसों को दिखाएंगे हरी झंडी
असम मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि पीएम मोदी 14 फरवरी को असम में रहेंगे. इस दौरान पीएम मोदी पूर्वोत्तर के पहले राजमार्ग-आधारित आपातकालीन लैंडिंग स्ट्रिप पर उतरेंगे. विशेष हवाई प्रदर्शन के तहत राफेल और सुखोई सहित लड़ाकू विमान भी इस सड़क पर उतरेंगे. इस दौरे के दौरान मोदी कुमार भास्कर वर्मा पुल का उद्घाटन करेंगे, आईआईएम पालसबारी में कक्षाएं शुरू करेंगे, गुवाहाटी में 100 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे और एनआईसी डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद पीएम मोदी भाजपा के बूथ सम्मेलन में भाग लेंगे.

