Gautam Gambhir Dinner For Team India PtiImage Credit source: PTI
डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने के लिए अपना अभियान शुरू कर दिया है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने ग्रुप स्टेज के अपने पहले मैच में अमेरिका (USA) को 29 रन से हराया. ये जीत आसानी से नहीं मिली लेकिन फिर भी टीम को कोई नुकसान नहीं हुआ और उसका खाता खुल गया. अब भारतीय टीम जल्द ही दूसरे मुकाबले के लिए मैदान पर उतरेगी. मगर उससे पहले हेड कोच गौतम गंभीर ने एक खास कार्यक्रम का इंतजाम किया है, जहां वो खुद पूरी टीम की मेहमाननवाजी करेंगे.
पहले मैच में USA को हराने के बाद टीम इंडिया रविवार 8 फरवरी को नई दिल्ली पहुंचेगी. यहीं अरुण जेटली स्टेडियम में गुरुवार 12 फरवरी को भारत और नामीबिया का मुकाबला होना है. ऐसे में टीम के पास फिलहाल तैयारी के लिए पर्याप्त वक्त है और इसको देखते हुए ही भारतीय टीम रविवार को गौतम गंभीर के घर पहुंचेगी, जहां भारतीय कोच की तरफ से पूरी टीम के लिए डिनर का आयोजन किया गया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वर्ल्ड कप के दबाव भरे माहौल में ड्रेसिंग रूम को तनाव मुक्त रखने और खिलाड़ियों को कुछ वक्त क्रिकेट के बारे में सोचने से दूर रखने के लिए हेड कोच गंभीर ऐसा करने जा रहे हैं. रविवार को जब टीम इंडिया दिल्ली पहुंचेगी, तो सभी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ के सदस्य ओल्ड राजेंद्र नगर में स्थित गौतम गंभीर के आवास पहुंचेंगे, जहां सभी साथ में डिनर करेंगे. ये पहला मौका नहीं है जब गंभीर ऐसा करने जा रहे हैं. पिछले साल भी भारत-वेस्टइंडीज के बीच दिल्ली टेस्ट मैच से पहले गंभीर ने पूरी टीम को अपने घर पर ऐसे ही एक डिनर के लिए बुलाया था.
बतौर कोच पहले टी20 फॉर्मेट में लगातार सफलता हासिल कर रहे गौतम गंभीर इस सिलसिले को सबसे बड़े टूर्नामेंट में भी जारी रखना चाहते हैं. यही कारण है कि इतने बड़े टूर्नामेंट और बतौर मेजबान इसमें खेलने के दबाव के बीच खिलाड़ियों के बीच माहौल को हल्का-फुल्का और आरामदायक रखने के लिए भारतीय कोच अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं.
टीम इंडिया के लिए भी ये डिनर खुद को पहले मैच की चिंताओं से दूर रखने का अच्छा मौका होगा. USA के खिलाफ पहले ही मैच में टीम इंडिया की विस्फोटक बल्लेबाजी फ्लॉप रही. पिछले एक-डेढ़ साल में धुआंधार बल्लेबाजी से कई रिकॉर्ड तोड़ चुके भारतीय बैटिंग ऑर्डर की USA के खिलाफ धज्जियां उड़ गई थीं. अभिषेक शर्मा से लेकर हार्दिक पंड्या तक टीम इंडिया के 6 विकेट सिर्फ 77 रन पर ही गिर गए थे. वो तो भला हो कप्तान सूर्यकुमार यादव का, जिन्होंने नाबाद 84 रन की एक यादगार पारी खेली और टीम को 161 रन तक पहुंचाया. इसके बाद मोहम्मद सिराज समेत बॉलिंग अटैक ने USA को 132 रन पर रोक दिया.

