वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में माहौल एक बार फिर से तनावपूर्ण हो गया है. गुरुवार शाम साढ़े चार बजे रुईया हॉस्टल के पास MA के छात्र पियूष तिवारी के साथ निष्कासित छात्र दर्शित पांडेय, रौनक मिश्रा, अंकित पाल और विश्वजीत यादव ने मारपीट की. पीड़ित छात्र पियूष तिवारी रुईया हॉस्टल में रहता है, जबकि आरोपी छात्र बिड़ला हॉस्टल में रहते हैं. ऐसे में दोनों हॉस्टल के छात्र आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते पत्थरबाजी होने लगी.
एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बिड़ला हॉस्टल के कई छात्र मुंह पर कपड़ा बांधकर और हाथ में डंडा लेकर दौड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान दोनों हॉस्टल के छात्रों की तरफ से एक-दूसरे पर जमकर पथराव भी किया गया. वहीं तनाव बढ़ता देख BHU प्रशासन ने वाराणसी कमिश्नरेट को सूचना दी. सूचना मिलते ही पांच थानों की पुलिस फोर्स और PAC BHU में तैनात कर दी गई.
बिड़ला हॉस्टल में BHU प्रशासन चेकिंग कर रहा
फिलहाल कैंपस में भारी संख्या में पुलिस फोर्स लगाई गई है. बिड़ला हॉस्टल में BHU के प्रॉक्टोरियल बोर्ड के स्टॉफ पुलिस के साथ मिलकर चेकिंग अभियान चला रहे हैं. बिड़ला हॉस्टल पर ये आरोप है कि कई ऐसे बाहरी तत्व अवैध तरीके से हॉस्टल में रह रहे हैं, जो कैंपस को अशांत बनाए रखते हैं. वहीं रुईया हॉस्टल में रहने वाले पीड़ित छात्र पियूष तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.

