दिल्ली पर ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार
दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण एक बार फिर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है. राजधानी के ज्यादातर इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 से 400 के बीच दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है. वहीं कुछ क्षेत्रों में AQI 400 के पार चला गया है, जिससे हालात गंभीर बन गए हैं. सबसे ज्यादा AQI 402 नेहरू नगर इलाके में दर्ज किया गया. दिल्ली में जिन इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 के ऊपर दर्ज किया गया है. वह सबसे ज्यादा प्रदूषण की चपेट में हैं.
समीर ऐप के मुताबिक सुबह 6 बजे जहां नेहरू नगर में AQI 402, वहीं पूसा में AQI 401 रिकॉर्ड किया गया. इन इलाकों की हवा इतनी जहरीली हो गई है कि यहां लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है. प्रदूषण का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है. सांस लेने में तकलीफ के साथ-साथ आंखों में जलन और गले में खराश जैसी परेशानियां लोगों को झेलनी पड़ रही हैं.
300 के पार इन इलाकों का AQI
इसके अलावा दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में 300 से 399 AQI है. यहां हवा खतरनाक श्रेणी में है. इनमें अलीपुर का 336, आया नगर का 309, बुराड़ी क्रॉसिंग का 331, दिलशाद गार्डन का 313, IGI एयरपोर्ट का 327, लोधी रोड का 324, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम का 347, नरेला का 350, नॉर्थ कैंपस का 346 और शादीपुर का 316 है. इन इलाकों में प्रदूषण से लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली के मौसम की बात करें तो दिल्ली में भीषण ठंड का प्रकोप जारी है. घना कोहरा छाने के साथ लगातार शीतलहर चल रही है. अब आगे भी मौसम विभाग की ओर से दिल्ली में शीतलहर चलने और घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया है. अगले 5 दिन तक दिल्ली में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है. ऐसे में दिल्ली वालों को ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार झेलने पड़ रही है.

