PM मोदी ने किया प्रेरणा स्थल का उद्घाटन.
पीएम मोदी ने यूपी की राजधानी लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल लखनऊ का उद्घाटन किया. ये राष्ट्र प्रेरणा स्थल पूर्व पीएम भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों के सम्मान में बना है. यहां अटल बिहारी वाजपेयी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय की मूर्तियां हैं. 230 करोड़ की लागत से 65 एकड़ में फैले इस स्थल में भव्य मूर्तियां, एक संग्रहालय और सांस्कृतिक केंद्र हैं, जो इन नेताओं के योगदान और विचारों को प्रदर्शित करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करेगान
पीएम मोदी ने कहा, आज लखनऊ की ये भूमि नई प्रेरणा की साक्षी बन रही है. आज लोग क्रिसमस का उत्सव मना रहे हैं. इसके लिए भी मैं सभी को बधाई देता हूं. 25 दिसंबर का ये दिन दो महान विभूतियों के जन्म का सुयोग भी लेकर आता है. भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी और महामना मदन मोहन मालवीय जी, इन दोनों महापुरुषों ने राष्ट्र निर्माण में अपना अनूठा योगदान दिया.
पीएम मोदी ने कहा, अटल बिहारी वाजपेयी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय इनकी विशाल प्रतिमाएं जितनी ऊंची हैं, उनसे मिलने वाली प्रेरणाएं और भी अधिक हैं. राष्ट्र प्रेरणा स्थल हमें संदेश देता है कि हमारा हर प्रयास राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित हो. मैं लखनऊ को, प्रदेश और पूरे देश को इसके लिए बधाई देता हूं.
उन्होंने कहा, श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर के लिए जो सपना देखा था, वो हमने पूरा किया. बीजेपी को गर्व है कि अनुच्छेद-370 की दीवार गिराने का मौका मिला. आज मेड इन इंडिया सामान दुनिया भर में पहुंच रहा है. यूपी में एक जिला एक उत्पाद की पहल रंग ला रही है. बहुत बड़ा डिफेंस कॉरिडोर बन रहा है. ऑपरेशन सिंदूर में दुनिया ने जिस ब्रम्होस की ताकत देखी वो लखनऊ में बन रही है.
राष्ट्र प्रेरणा स्थल के उद्घाटन के मौके पर सीएम योगी ने कहा, ये हम सबके लिए गौरव का क्षण है. इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, आपको ये जानकर खुशी होगी कि हमारे प्रधानमंत्री एक ऐसे राजनेता हैं, जिन्हें 29 देशों का सर्वोच्च सम्मान मिला है. आज इस पावन अवसर पर प्रेरणा स्थल का अनावरण हो रहा है जो कि देश के लिए गर्व का पल है.
जब भारत बोलता है तो पूरी दुनिया सुनती है
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को मूर्त रूप देने का काम किया है. आज पीएम मोदी के नेतृत्व में दुनिया भारत की आवाज सुनती है. जब भारत बोलता है तो पूरी दुनिया सुनती है. एक जानकारी मैं देना चाहता हूं कि पीएम मोदी ने गरीबों, किसानों के लिए काम किया है. वीबी-जी राम जी बिल पारित किया है. इसमें 125 दिन काम मिलेगा. इसके लिए पीएम मोदी का स्वागत किया जाना चाहिए.

