राजस्थान के सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर टाइगर रिजर्व की कुण्डेरा रेंज में आज एक बाघ ने सांड का शिकार किया. इस दौरान जंगल के मवेशीयों का एक चौंकाने वाला दृश्य सामने आया. मामले में एक सांड घास-फूस चर रहा था, और उसके आस-पास अन्य मवेशियों का झुंड भी मौजूद था. घात लगाकर बैठे एक बाघ ने अचानक एक सांड पर हमला कर दिया. इस दौरान मवेशियों के झुंड से कोई भी मवेशी उस सांड की मदद करने नहीं आया, जिससे सांड आसानी से बाघ का शिकार हो गया.
मामला टाइगर रिजर्व के कुण्डेरा रेंज की भदलाव चौकी से कुंलडा के भैंरव जी के रास्ते के पास का है. यहां एक सांड, झुंड से थोडा अलग घास-फूस चर रहा था. इस दौरान घात लगाकर बैठे बाघ ने फुर्ती से सांड पर झपट्टा मारा और उसकी गर्दन को अपने जबड़े से दबोच लिया. हमले के कुछ सकेंड के बाद ही सांड़ जमीन पर गिर पड़ा.
बाघ के जबड़ों से नही बच सका साड़
इस दौरान सांड ने अपनी जान बचाने के लिए, बाघ के जबड़े की पकड़ से छूटने का कई प्रयास किया. जमीन पर गिरने के बाद सांड एक बार फिर उठ खड़ा हुआ, लेकिन बाघ ने अपनी पकड़ ढीली नहीं की. सांड की आवाज सुनकर, उसके आस-पास चर रहे मवेशी भयभीत होकर एक जगह इक्कठा हो गए. वे डर के मारे अपने साथी सांड को मरता देखते रहे, लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया.
पर्यटकों के लिए अनोखा अनुभव
बाजूद इसके कुछ देर तक सांड ने खुद को छुड़ाने की बहुत कोशिशें कीं और अपनी पूरी ताकत लगाई, लेकिन बाघ के आगे उसकी एक न चली. अंत में सांड अपनी जान बचाने में असफल रहा और बाघ ने उसे अपना शिकार बना लिया. यह पूरा घटनाक्रम केंटर में सवार सैलानियों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया. इस तरह के शिकार के दृश्य जंगल में दुर्लभ होते हैं, जिसने पर्यटकों को अविस्मरणीय अनुभव दिया.
(रिपोर्ट- बजरंग/रणथंभौर)

