फाइनल में 15 बॉक्सर (Photo: Instagram)
ग्रेटर नोएडा में खेले जा रहे वर्ल्ड बॉक्सिंग फाइनल्स 2025 में भारतीय मुक्केबाजों का पूरी तरह से दबदबा रहा है. 16 नवंबर से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में भारत के 20 मुक्केबाजों ने हिस्सा लिया था, जिसमें से 10 महिला और 10 पुरुष मुक्केबाज थे. उन 20 भारतीय मुक्केबाजों में से 15 मुक्केबाज फाइनल में पहुंचे, जिसमें से 3 ने गोल्ड मेडल जीत लिए हैं. भारत के लिए गोल्ड मेडल की हैट्रिक लगाने वालों में मीनाक्षी हुड्डा, प्रीति पवार और अरुंधती रेड्डी शामिल रहीं.
भारत की बेटियों ने लगाई गोल्ड मेडल की हैट्रिक
भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल ऑटो ड्राइवर की बेटी मीनाक्षी हुड्डा ने जीता. उन्होंने 48 किलो कैटेगरी में उजबेकिस्तान की बॉक्सर को धूल चटाकर गोल्ड जीता. मीनाक्षी के बाद प्रीति के पंच से भारत को गोल्ड मेडल मिला, जिन्होंने 54 किलो कैटेगरी में इटली की बॉक्सर को शिकस्त दी. वहीं 70 किलोग्राम भार वर्ग वर्ल्ड में गोल्ड पर मुक्का मारकर अरुंधती रेड्डी ने भारत के लिए तीसरा गोल्ड जीता.
निकहत जरीन के फाइनल फाइट पर भी नजर
वर्ल्ड बॉक्सिंग फाइनल्स के फाइनल में पहुंची भारत की 8 महिला बॉक्सरों में सबसे बड़ा नाम निकहत जरीन का है, जो कि 2 बार वर्ल्ड चैंपियन रह चुकी हैं. कंधे की चोट की वजह से एक साल बाहर रहने के बाद सितंबर में विश्व चैम्पियनशिप के जरिये वापसी करने वाली निकहत ने 51 किलो वर्ग में कड़े सेमीफाइनल मुकाबले में उजबेकिस्तान की जानीवा गुलसेवर को हराया है. अब फाइनल में उनका सामना चीनी ताइपै की गुओ यि शुआन से होगा. फरवरी 2024 के बाद ये पहली बार होगा जब निकहत जरीन किसी बॉक्सिंग इवेंट में पोडियम फिनिश करते दिखेंगी.
दो साल पहले दिल्ली में वर्ल्ड चैम्पियनशिप जीतने वाली निकहत ने कहा कि उन्हें खुशी है कि पेरिस ओलंपिक के बाद उनके पदकों का खाता खुला है. उन्हें अब गोल्ड मेडल जीतने के लिए जाना है.
15 बॉक्सरों में ये उतरेंगे रिंग में
निकहत जरीन के अलावा जो भारतीय बॉक्सर वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप फाइनल्स का फाइनल खेलते दिखेंगे उनमें जैसमीन लंबोरिया, जादुमणि सिंह एम, पवन बर्तवाल, सचिन सिवाच, हितेश गुलिया, अंकुश फंगल, परवीन और नूपुर का नाम शामिल है.
57 किलो की विश्व चैम्पियन जैसमीन ने पूर्व एशियाई युवा चैम्पियन कजाखस्तान की उलजहां सारसेंबेक को 5-0 से हराया था. इससे पहले जदुमणि ने आस्ट्रेलिया के उमर इजाज को पुरूषों के 50 किलो सेमीफाइनल में हराया था.
उम्मीद यही है कि वर्ल्ड बॉक्सिंग के फाइनल में भारत के सभी 15 बॉक्सर देश को झूमने का मौका देंगे. और भारत की झोली गोल्ड मेडल से भर देंगे.

