श्रीलंका के कई खिलाड़ी पाकिस्तान छोड़ने की तैयारी में हैं.Image Credit source: PTI
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हुए आत्मघाती हमले का असर श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के दौरे पर भी पड़ता हुआ दिख रहा है. वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान पहुंची श्रीलंकाई टीम के कई खिलाड़ी इस धमाके से बुरी तरह घबराए हुए हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. रिपोर्ट्स आ रही हैं कि कई खिलाड़ी पाकिस्तान दौरा बीच में छोड़कर वापस श्रीलंका लौटने की तैयारी कर रहे हैं. मगर ऐसे वक्त में जहां श्रीलंका क्रिकेट (SLC) को अपने खिलाड़ियों का साथ देना चाहिए था, बोर्ड ने पूरी टीम को ही धमकी दे दी. बोर्ड ने खिलाड़ियों को पाकिस्तान में ही रुकने का आदेश दिया है और कहा है कि जिसने भी आदेश नहीं माना, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी.
बुधवार 12 नवंबर को कई श्रीलंकाई क्रिकेटर्स के पाकिस्तान छोड़ने की खबरें आने लगी. कुछ स्थानीय रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि सुरक्षा को लेकर चिंतित करीब 8 से 10 खिलाड़ियों ने अपने देश वापस लौटने का फैसला कर लिया था. बताया गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष और देश के इंटीरियर मिनिस्टर मोहसिन नकवी ने श्रीलंकाई खिलाड़ियों को कड़ी सुरक्षा का दिलासा देने की कोशिश की लेकिन ये नाकाम रही.
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मंगलवार 11 नवंबर को वनडे सीरीज का पहला मैच खेला गया था. ये मुकाबला रावलपिंडी में खेला गया था, जो राजधानी इस्लामाबाद से जुड़ा हुआ शहर है. इस मैच से कुछ घंटे पहले ही इस्लामाबाद में कोर्ट के बाहर आत्मघाती हमलावर ने कार में धमाका कर दिया था, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई थी. हालांकि, उस वक्त तो सीरीज का पहला मैच बिना किसी परेशानी के खेला गया लेकिन अगले दिन से ही श्रीलंकाई क्रिकेटर सुरक्षा को लेकर चिंतित होने लगे.
(खबर अपडेट हो रही है)

