कन्या पक्ष ने वर पक्ष को पीटा
उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के एक गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां बेटी की विदाई के लिए आए वर पक्ष के लोगों को कन्या पक्ष ने न केवल गाली दी, बल्कि उन्हें रस्सी से बांधकर बेरहमी से मारा-पीटा. मामले में पुलिस ने वर पक्ष की शिकायत के आधार पर 9 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मामला गोरखपुर जिले के सहजनवा थाना क्षेत्र के डुमरी गांव के रहने वाले कुर्बान अली ने इस संबंध में पुलिस को लिखित तहरीर दी है. कुर्बान अली ने बताया कि उनके बेटे करीम का निकाह मेंहदावल थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव की रहने वाली शमा परवीन के साथ हुआ है. शमा परवीन के मायके वालों ने उन्हें और उनके परिजनों को विदाई की रस्म के लिए अपने घर बुलाया था.
विदाई के दौरान हुआ विवाद
विदाई को लेकर बातचीत चल रही थी कि तभी अचानक कन्या पक्ष के कुछ लोग भड़क गए और विवाद शुरू हो गया. इसके बाद कुर्बान अली ने अपनी तहरीर में बताया कि, शमा परवीन, खलीफुन्निशा (ग्राम शेखपुर), समीउल्लाह व मशरुर आलम (निवासी बेलवा सेंगर), निशार अहमद (निवासी लोहरसन, थाना बेलहरकला), इम्तियाज (निवासी गुलहरिया, थाना मेंहदावल), आबिदा खातून (निवासी बसडीला, थाना खेसरहा, सिद्धार्थनगर), साबिया खातून (निवासी लोहरसन, थाना बेलहरकला) और साबिर अली (निवासी पसाई लेड़वा, थाना बखिरा) ने मिलकर उन्हें और उनके पूरे परिवार को गालियां देनी शुरू कर दीं.
पूरे परिवार को आई गंभीर चोट
जब वर पक्ष के लोगों ने गाली देने से मना किया, तो आरोपियों ने कुर्बान अली, उनके बेटे करीम और नसीम, और उनकी पत्नी मेहरुन्निशा को रस्सी से बांधकर बेरहमी से मारा-पीटा. कुर्बान अली के मुताबिक, मारपीट में उनके पूरे परिवार को काफी गंभीर चोटें आई हैं. आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी.
जांच में जुटी पुलिस
मामले में वर पक्ष की तहरीर मिलने के बाद एसओ मेंहदावल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी है और इसे गंभीरता से लिया गया है. कुर्बान अली की तहरीर के आधार पर सभी 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
(रिपोर्ट- संकटमोचन मिश्रा)

