मृतक के परिजनों ने दी जानकारी
उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के देवरनियां थाना क्षेत्र में एक वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया. मां की मौत से दुखी एक युवक ने गुस्से में आकर अपने ही मामा की हत्या कर दी. यह पूरा मामला घरेलू विवाद और आपसी झगड़े से जुड़ा बताया जा रहा है. दरअसल घटना देवरनियां थाने के मोहल्ला शाहाबाद की है. यहां रहने वाले कड़े राम ने बताया कि उनकी बहन सुशीला देवी और बहनोई पीलीभीत से करीब ढाई महीने पहले उनके घर आकर रहने लगे थे. परिवार में सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन सुशीला देवी का बेटा सोमपाल शराब का आदी था. अक्सर नशे में झगड़ा करता था, जिससे परिवार में कलह मची रहती थी.
दरअसल, 26 अक्टूबर की रात सोमपाल शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा. उसने बिना किसी बात के गुस्से में अपनी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. जब बाइक जलने लगी तो उसकी मां सुशीला देवी उसे बुझाने दौड़ी. उसी दौरान आग की लपटों में आकर वह बुरी तरह झुलस गई. परिवार ने आनन-फानन में सुशीला देवी को बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने काफी कोशिश की, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती गई. आखिरकार शनिवार को इलाज के दौरान सुशीला देवी की मौत हो गई. मां की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
‘तेरी वजह से बहन मर गई’
शाम के समय सुशीला देवी का शव पोस्टमॉर्टम से लाने के बाद उसी प्लॉट में रखा गया जो कुछ दिन पहले उसने खरीदा था. इसी बीच सुशीला के भाई कड़े राम और मोतीराम अपनी बहन का शव देखने जा रहे थे. रास्ते में उनका सामना भांजे सोमपाल से हो गया.
गुस्से में भरे मोतीराम ने सोमपाल को डांटते हुए कहा कि तेरी वजह से हमारी बहन मर गई. यह सुनकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. बात बढ़ी तो मोतीराम ने गुस्से में आकर सोमपाल के सिर पर डंडा मार दिया. उस वक्त सोमपाल के हाथ में हंसिया था. गुस्से और आक्रोश में भरे सोमपाल ने उसी हंसिया से मामा मोतीराम पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. वार इतने तेज थे कि मोतीराम की मौके पर ही मौत हो गई. खून से लथपथ शरीर जमीन पर गिर गया. वारदात के बाद सोमपाल मौके से भाग गया.
आरोपी भांजा गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही देवरनियां थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने मौके का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. सुशीला देवी और मोतीराम दोनों बहन-भाई के शवों को बरेली भेजा गया. कड़े राम की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सोमपाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया. पुलिस ने देर रात ही सोमपाल को पकड़ लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

