मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) के अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया.
मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया ने इंदौर में दो ऑस्ट्रेलियाई महिला राष्ट्रीय क्रिकेटरों के साथ हुई दुर्भाग्यपूर्ण छेड़छाड़ की घटना पर दुख व्यक्त किया है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व कप मुकाबले के लिए मध्य प्रदेश के इंदौर में मौजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम की दो सदस्यों के साथ एक बाइक सवार ने छेड़छाड़ की और उन्हें “अनुचित तरीके से छुआ” जब वे अपनी टीम के होटल के पास एक कैफ़े की ओर जा रही थीं. इस घटना ने देश और दुनिया भर के खेल जगत को झकझोर कर रख दिया है.
सिंधिया ने सोशल साइट एक्स पर लिखा कि इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों के साथ हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से वह बेहद व्यथित, स्तब्ध और दुखी हैं.
उन्होंने आगे लिखा कि किसी भी महिला को इस तरह के अनुचित व्यवहार का सामना नहीं करना चाहिए. हमारी गहरी संवेदनाएं प्रभावित खिलाड़ियों के साथ हैं. यह घटना न केवल खिलाड़ियों के लिए, बल्कि पूरे खेल जगत और हमारे राज्य व शहर के लिए भी बेहद दर्दनाक है. पूरा मध्य प्रदेश, खासकर इंदौर, हमेशा से अपने मेहमानों के सम्मान और सुरक्षा के लिए जाना जाता रहा है. एक व्यक्ति के अनुचित आचरण ने इस प्रतिष्ठित छवि को आघात पहुंचाया है, जिससे हम सभी बेहद दुखी हैं.
इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों के साथ हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से मन अत्यंत व्यथित, स्तब्ध और दुखी है।
किसी भी महिला को इस प्रकार के अनुचित व्यवहार का सामना नहीं करना चाहिए। प्रभावित खिलाड़ियों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएँ है ।
यह घटना न केवल खिलाड़ियों— Mahanaaryaman Scindia (@AScindia) October 25, 2025
उन्होंने आगे कहा, “हम स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा की गई त्वरित और सख्त कार्रवाई की सराहना करते हैं, जिन्होंने आरोपियों की तुरंत पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया. एमपीसीए इस कठिन समय में प्रभावित खिलाड़ियों और ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ पूरी एकजुटता से खड़ा है और जांच एजेंसियों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है.”
फिलहाल खबर अपडेट की जा रही है.
