रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 19-20 अक्टूबर को ताजिकिस्तान के दुशांबे में होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की शासनाध्यक्ष परिषद की आगामी बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। सरकार ने रविवार को यह जानकारी दी। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस बैठक में एससीओ के सदस्य देशों के बीच बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत बनाने पर ध्यान दिया जाएगा और विशेष रूप से व्यापार, अर्थव्यवस्था, निवेश, संपर्क, नवाचार और संस्कृति जैसे क्षेत्रों पर चर्चा होगी।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत एससीओ की विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से भाग ले रहा है। मंत्रालय के अनुसार, भारत स्टार्टअप और नवाचार, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे तथा लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे क्षेत्रों में पहल के माध्यम से क्षेत्रीय सहयोग में लगातार योगदान दे रहा है। इसने कहा, “राजनाथ सिंह 19-20 अक्टूबर को होने वाली शंघाई सहयोग संगठन की शासनाध्यक्ष परिषद (सीएचजी) की 25वीं बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए दुशांबे जाएंगे।”
इस बैठक में जारी सहयोग पहलों की प्रगति की समीक्षा करने और संगठन के वित्तीय व संस्थागत कामकाज से जुड़े फैसलों पर विचार किए जाने की भी उम्मीद है।

