पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बुधवार को एक तेज गति से गुजर रही बस डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई, जिससे कम से कम 11 यात्रियों की मौत हो गई और 30 से अधिक व्यक्ति घायल हो गए। कराची से पंजाब के डेरा गाजी खान जिले की ओर जा रही एक यात्री बस लाहौर से लगभग 500 किलोमीटर दूर राजनपुर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तेज गति से आ रही यह बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और सड़क पर ही पलट गई।पाकिस्तान की राष्ट्रीय आपातकालीन सेवा ‘रेस्क्यू 1122’ के प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना राजमार्ग के उस हिस्से में हुई जहां सड़क निर्माण का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस काफी तेज रफ्तार में थी, जिसके चलते चालक उस पर से नियंत्रण खो बैठा। अधिकारी के मुताबिक, बस कराची से पंजाब के डेरा गाजी खान जिले जा रही थी। इसी दौरान लाहौर से करीब 500 किलोमीटर दूर राजनपुर में यह हादसा हुआ।
प्रवक्ता ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि हादसे की वजह बस की तेज गति मानी जा रही है। उन्होंने कहा, “तेज गति से गुजर रही बस डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई, जिससे कई यात्री बस में फंस गए और घायल हो गए। आठ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।” घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई गई है।
बचाव सेवा के एक अधिकारी के अनुसार, 19 घायल यात्रियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि मामूली रूप से घायल 12 अन्य लोगों को घटनास्थल पर ही चिकित्सा सहायता दी गई। हादसे में जान गंवाने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बचाव दल ने उनके शवों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया। पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया और अधिकारियों को घायलों का सर्वोत्तम संभव इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।
Stay updated with International News in Hindi on Prabhasakshi

