पूर्वी माली के मेनाका क्षेत्र में बीते सप्ताहांत इस्लामिक स्टेट (आईएस) से जुड़े समूह की ओर से किए गए हमले में 48 लोगों की मौत हो गई। एक सांसद ने समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को मंगलवार को यह जानकारी दी। नेशनल ट्रांजिशनल काउंसिल के सदस्य और तुआरेग नेता मूसा अग अचरातोमाने ने बताया कि इस्लामिक स्टेट इन साहेल प्रोविंस (आईएसएसपी) के लड़ाकों ने रविवार रात से सोमवार सुबह के बीच हमला किया, जिसमें मारे गए लोगों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
मूसा के मुताबिक, आईएसएसपी लड़ाकों ने नागरिकों पर यह आरोप लगाते हुए हमला किया कि उन्होंने समूह के ठिकानों की जानकारी माली की सेना को दी थी, जो ड्रोन विमान से उन्हें निशाना बना रही थी। आईएसएसपी मुख्य रूप से मेनाका क्षेत्र में सक्रिय है, जहां उसे एक अन्य आतंकवादी संगठन जमात नुसरत अल-इस्लाम वल-मुस्लिमीन (जेएनआईएम) से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ता है। यह संगठन बुर्किना फासो और नाइजर में भी सक्रिय है।

