कोलंबिया के नरीनो प्रांत के एक सुदूर इलाके में सोने की एक अवैध खदान ढहने से कम से कम 14 खनिकों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। क्षेत्रीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नरीनो की प्रांतीय सरकार ने एक बयान में बताया कि सोमवार को सांता बारबरा डी इस्कुआंडे नामक छोटे कस्बे के पास यह हादसा हुआ और रात को खोज एवं बचाव अभियान समाप्त कर दिया गया।
बयान में कहा गया, ‘‘यह आपात स्थिति एक बार फिर अनधिकृत खनन से जुड़े जोखिमों को उजागर करती है। तीन महीने से भी कम समय में नरीनो प्रांत में खदानें ढहने की दो घटनाओं में 27 लोगों की मौत हो चुकी है।’’
सांता बारबरा डी इस्कुआंडे घने जंगलों से घिरा इलाका है। यहां केवल नाव या छोटे विमानों से ही पहुंचा जा सकता है।
इस कारण राहत एवं बचाव दलों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नरीनो के गवर्नर लुईस अल्फोंसो एस्कोबार ने कहा, ‘‘इस हादसे में कई परिवार तबाह हो गए। यह बेहद दुखद है।’’
कोलंबिया में सैकड़ों छोटी खदानें सरकारी अनुमति के बिना संचालित होती हैं।
इनमें से कुछ खदानों पर विद्रोही गुटों का नियंत्रण है।

