ऑस्ट्रेलिया में सोमवार को एक कार की टक्कर से एक सांसद गंभीर रूप से घायल हो गईं जिसके बाद कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार ऐसा जान पड़ता है कि कार चालक ने जानबूझकर सांसद को टक्कर मारी।
पुलिस के एक बयान के अनुसार, विक्टोरिया प्रांत के वांगाराटा में 65 वर्षीय सांसद हेलेन हेन्स को उनके चुनावी जिला कार्यालय के बाहर एक ‘टोयोटा लैंड क्रूजर एसयूवी’ (कार) ने टक्कर मार दी। अपने बयान में पुलिस ने दुर्घटना पीड़िता का खुलासा नहीं किया लेकिन स्वयं हेन्स के परिवार ने एक बयान में इस हादसे में उनके घायल हो जाने की पुष्टि की। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद एक राहगीर ने संबंधित कार चालक को पकड़ लिया तथा उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
अब पुलिस उससे हादसे के संबंध में पूछताछ करेगी। पुलिस ने कहा कि टोयोटा से एक चाकू जब्त किया गया है। पुलिस ने कहा, ‘‘ इस चरण में, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या ऐसा जानबूझकर किया गया।’’
पुलिस के मुताबिक हेन्स को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया।
वह पहली बार 2019 में संसद के लिए निर्वाचित हुई थीं। प्रशासन इस बात को लेकर चिंतिंत है कि पिछले साल आस्ट्रेलिया में बड़ी हस्तियों को हिंसा की 1000 से अधिक धमकियां मिली हैं।

