जॉर्डन में शुक्रवार को एक गिरजाघर में अंतिम संस्कार के दौरान हथियारबंद लोगों ने गोलीबारी की, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई और 34 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। गोलीबारी की ये घटना राजधानी अम्मान से करीब 180 किलोमीटर दक्षिण में कराक स्थित एक ग्रीक ऑर्थोडॉक्स गिरजाघर में हुई।
सरकार के प्रवक्ता मोहम्मद अल-मोमानी ने एक बयान में कहा कि सुरक्षा एजेंसियां गोलीबारी की जांच कर रही हैं। कराक में आबादी के लिहाज से ईसाई अल्पसंख्यक हैं। जॉर्डन के सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित वीडियो में दो लोग पिस्तौल लिए गिरजाघर की ओर बढ़ते और गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं।
इसके बाद एक तीसरा व्यक्ति दिखाई देता है, जिसके हाथ में अर्ध-स्वचालित राइफल नजर आ रही है। वह भी गोलीबारी शुरू कर देता है। इसके बाद तीनों हमलावर गिरजाघर की ओर दौड़ते हैं।
सरकार के एक बयान में कहा गया कि यह हमला ‘‘अज्ञात हमलावरों ने किया।’’
हालांकि, यह नहीं बताया गया कि किसी बंदूकधारी को पकड़ा गया या मार गिराया गया। शाह अब्दुल्ला द्वितीय ने ‘एक्स’ पर कहा कि जॉर्डन कराक को निशाना बनाने वाले ‘‘आतंकवादी कृत्य’’ के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देगा। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

