रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता में मंगलवार को अबू धाबी में त्रिपक्षीय वार्ता शुरू हुई। यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख ने यह जानकारी दी। यूक्रेन की विदेशी खुफिया सेवा के प्रमुख रुस्तेम उमेरोव ने सोशल मीडिया पर कहा कि उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) और यूरोपीय देशों के दूतों के साथ यूक्रेन की शुरुआती बातचीत के बाद ‘‘अब हम यूक्रेन, अमेरिका और रूस के बीच त्रिपक्षीय वार्ता के चरण में पहुंच गए हैं।’’
अमेरिका इस साल तीन दौर की बातचीत होने के बाद रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त कराने के लिए फिर से प्रयास कर रहा है।
द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप का यह सबसे बड़ा संघर्ष 24 फरवरी 2022 को रूस द्वारा यूक्रेन पर हमला किए जाने के बाद शुरू हुआ था। अबू धाबी में दो दिन तक चलने वाली यह वार्ता फरवरी के बाद इस तरह की पहली बैठक है। इसमें मुख्य रूप से सुरक्षा संबंधी गारंटी पर चर्चा होगी।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि वह और अमेरिका के एक अन्य दूत स्टीव विटकॉफ ‘‘बातचीत के जरिए ऐसा समाधान निकालने के लिए काम कर रहे हैं, जिससे स्थायी शांति स्थापित हो सके और यूरोप में अधिक स्थिर सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक संप्रभु, सुरक्षित एवं समृद्ध यूक्रेन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन सकें।’’
उमेरोव ने कहा कि दिन की शुरुआत यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल, अमेरिकी दूतों तथा ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नाटो और यूरोपीय आयोग के प्रतिनिधियों के बीच बैठक से हुई। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इसके बाद हम यूक्रेन, अमेरिका और रूस की भागीदारी वाली त्रिपक्षीय वार्ता शुरू करेंगे।’’
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘आरआईए नोवोस्ती’ ने मंगलवार को बताया कि रूसी प्रतिनिधिमंडल वार्ता स्थल पर पहुंच गया है। लगभग पांच साल से जारी व्यापक युद्ध को समाप्त करने संबंधी संभावित समझौते के प्रमुख मुद्दों पर रूस और यूक्रेन की सरकारों के रुख में अब भी काफी अंतर है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चाहते हैं कि यूक्रेन दोनेत्स्क, लुहान्स्क, जापोरिज्जिया और खेरसॉन से अपने सैनिकों को वापस बुला ले। ये वे चार क्षेत्र हैं, जिन्हें रूस ने सितंबर 2022 में अवैध रूप से अपने देश में मिला लिया था, लेकिन वह इन पर पूरी तरह कब्जा नहीं कर सका। पुतिन यह भी चाहते हैं कि यूक्रेन नाटो में शामिल होने की अपनी कोशिश छोड़ दे, अपनी सेना पर कड़े प्रतिबंध स्वीकार करे और देश में रूसी भाषा एवं मॉस्को से संबद्ध ‘ऑर्थोडॉक्स चर्च’ पर लगे प्रतिबंध हटा दे।
मंगलवार को डेनमार्क की यात्रा पर गए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पुतिन की उन मांगों को खारिज कर दिया है, जिनके तहत यूक्रेन को स्वेच्छा से ऐसे क्षेत्र छोड़ने होंगे, जिन पर रूस युद्ध के दौरान कब्जा नहीं कर पाया है। जेलेंस्की ने यूक्रेन की सेना या पश्चिमी साझेदार देशों के साथ उसकी व्यवस्थाओं पर हर तरह के प्रतिबंध को भी खारिज कर दिया है। यूक्रेन इन व्यवस्थाओं को रूस के दोबारा आक्रमण को रोकने के लिए जरूरी सुरक्षा गारंटी मानता है।
