बोगोटा, आठ नवंबर (एपी) कोलंबिया के उत्तरी हिस्से में एक सैन्य अड्डे पर ड्रोन से किए गए हमले में तीन सैनिकों की मौत हो गई और कम से कम 16 अन्य लोग घायल हो गए। देश की सेना ने शनिवार को एक बयान में यह जानकारी दी। प्राधिकारियों ने अभी यह नहीं बताया है कि सैन लुकास पर्वत शृंखला की तलहटी में स्थित छोटे से शहर सांता रोजा डेल सुर में ये हमले किसने किया।
सांता रोजा के आसपास के इलाके में सोने की कई खदानें हैं। इस क्षेत्र पर कब्जे को लेकर ‘गल्फ क्लैन’, ‘नेशनल लिबरेशन आर्मी’ और ‘रिवोल्यूशनरी आर्म्ड फोर्सेज ऑफ कोलंबिया’ (एफएआरसी) के पूर्व सदस्यों के नेतृत्व वाले छोटे सशस्त्र समूहों के बीच लंबे समय से संघर्ष होता रहा है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में तीन विस्फोटों के बाद सैन्य अड्डे से धुएं का गुबार उठता और सैनिक रेत की बोरियों से बनाए गए आश्रय स्थलों में शरण लेते दिखाई दिए।
देश के राष्ट्रपति अबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस हमले के पीछे जो लोग हैं, उन्हें छिपने के लिए कोई जगह नहीं मिलेगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सैनिकों पर होने वाला हर हमला कोलंबिया की रक्षा करने के हमारे संकल्प को और मजबूत करता है।’’
अगस्त में डी ला एस्प्रिएला के सत्ता संभालने के बाद से कोलंबिया के कई ग्रामीण इलाकों में हिंसा बढ़ गई है। रूढ़िवादी नेता ने विद्रोही समूहों के साथ शांति वार्ता रद्द कर दी है और उनके खिलाफ अधिक सख्त रुख अपनाया है।
