जॉर्डन की वायुसेना ने कराक स्थित एक ‘ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च’ पर शुक्रवार को हुए हमले के जवाब में सीरिया में सक्रिय आतंकवादी समूहों पर हवाई हमले किए। सरकारी मीडिया ने सोमवार को यह जानकारी दी। गिरजाघर पर हुए इस हमले में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई थी।
सरकारी मीडिया की खबर के अनुसार, इस सैन्य कार्रवाई में ‘‘इन आतंकवादी समूहों के कई सदस्य मारे गए एवं घायल हुए और उनके कई वाहन नष्ट हो गए।’’
हालांकि, इसमें यह स्पष्ट नहीं किया गया कि ये कौन से समूह थे या हमले किस स्थान पर किए गए। सीरिया के अधिकारियों की ओर से भी इस पर फिलहाल कोई बयान नहीं दिया गया है। इससे पहले जॉर्डन के अधिकारियों ने पिछले सप्ताह हुए हमले के सिलसिले में सोमवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
अधिकारियों ने बताया कि यह गिरफ्तारी तड़के हुई मुठभेड़ के बाद हुई और तीनों आरोपी घायल हो गए। जॉर्डन की राजधानी अम्मान से लगभग 90 किलोमीटर दक्षिण में स्थित कराक शहर में एक अंतिम संस्कार के दौरान शुक्रवार को ‘ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च’ पर हमला हुआ। कराक में अल्पसंख्यक ईसाई आबादी रहती है।
हालांकि, किसी भी समूह ने तुरंत इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली।

