स्पेन के बार्सिलोना के पास रविवार को एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 83 लोग घायल हो गए। स्थानीय आपातकालीन सेवाओं ने यह जानकारी दी। कैटालोनिया की चिकित्सा आपातकालीन सेवाओं के अनुसार, बार्सिलोना के पास फोगार्स दे मोंत्क्लूस में हुए इस हादसे में 83 लोग घायल हुए।
इनमें सात की हालत गंभीर है, 18 को अपेक्षाकृत कम गंभीर चोटें आई हैं, जबकि 58 लोगों को मामूली चोटें लगी हैं। स्पेन की समाचार एजेंसी ‘ईएफई’ के अनुसार, रविवार दोपहर बस एक संकरी और घुमावदार सड़क से फिसलकर करीब 65 फुट गहरी ढलान में जा गिरी। ईएफई ने बताया कि दुर्घटना की परिस्थितियां तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकीं और मामले की जांच की जा रही है।
आपातकालीन सेवाओं ने बताया कि घटनास्थल पर 23 एंबुलेंस और दो चिकित्सा हेलीकॉप्टर भेजे गए। इसके अलावा, दमकलकर्मियों और चिकित्सा कर्मियों की तीन संयुक्त टीम तथा मनोवैज्ञानिक सहायता देने वाली तीन टीम भी तैनात की गईं। कैटालोनिया की क्षेत्रीय सरकार की स्वास्थ्य मंत्री ओल्गा पाने ने कहा कि बचाव दल यह पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास के इलाके में तलाश कर रहे हैं कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति भी हादसे का शिकार तो नहीं हुआ है।

