अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्हाइट हाउस के नए सिरे से निर्माण और सजावट के प्लान पर तीखा तंज कसा है। ओबामा ने कहा कि ट्रंप ने व्हाइट हाउस का हाल ऐसा कर दिया है, जैसे सद्दाम हुसैन ने कोई चीजकेक फैक्टरी खोल दी हो। ओबामा का यह बयान उस समय आया, जब वह ओहियो में मिड टर्म इलेक्शन के लिए प्रचार करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ट्रंप के काम करने के तरीके और उनके फैसलों पर जमकर मजाक किया।
व्हाइट हाउस में सोना और हेलीपैड पर ओबामा का तंज
रैली के दौरान ओबामा ने भीड़ की हंसी और तालियों के बीच कहा कि ट्रंप को देश के दूसरे मुद्दों से ज्यादा व्हाइट हाउस के रेनोवेशन में दिलचस्पी है। ओबामा ने मजाक करते हुए कहा, “मुझे नहीं पता कि आपने गौर किया या नहीं, लेकिन वह घर के रेनोवेशन पर बहुत ध्यान दे रहे हैं।” पूर्व राष्ट्रपति ने ट्रंप पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें तो होम डिजाइन चैनल (एचजीटीवी) पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्रंप एक ऐसा बॉलरूम बना रहे हैं, जो खुद व्हाइट हाउस से भी बड़ा है।
इसे भी पढ़ें: Audi अमेरिका के Georgia में लगाएगी नया प्लांट, होगा 4.2 अरब डॉलर का निवेश
व्हाइट हाउस के हर तरफ सोना ही सोना
ओबामा ने आगे कहा कि ट्रंप ने रोज गार्डन में पक्की सड़क जैसी जगह बना दी है और साउथ लॉन में हेलीकॉप्टर के उतरने की जगह बनवा दी है। उन्होंने व्हाइट हाउस में सोने के ज्यादा इस्तेमाल को लेकर भी मजाक किया। उन्होंने कहा, “हर तरफ सोना ही सोना है! भाई, इस सोने को क्या बीमारी है? हर चीज पर… बस और सोना।”
सद्दाम हुसैन और चीजकेक फैक्टरी वाला तंज
ओबामा ने अपने बयान से सभा में हंसी का माहौल बना दिया। उन्होंने ट्रंप के व्हाइट हाउस के नए रूप की तुलना इराक के पूर्व राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन से की। ओबामा ने कहा कि ट्रंप ने व्हाइट हाउस का लुक ऐसा कर दिया है, “जैसे सद्दाम हुसैन ने कोई चीजकेक फैक्टरी खोल दी हो।” उन्होंने कहा कि वहां हर तरफ सोना ही सोना नजर आता है।
रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर भी साधा निशाना
प्रचार के दौरान ओबामा ने सिर्फ ट्रंप के व्हाइट हाउस के डिजाइन पर ही निशाना नहीं साधा, बल्कि अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर भी सवाल उठाए। उन्होंने ईरान के साथ चल रहे संघर्ष और अमेरिका की सैन्य तैयारियों को लेकर चिंता जताई। ओबामा ने कहा कि सैकड़ों अमेरिकी घायल हो चुके हैं और मिसाइलों का भंडार कम हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अब होर्मुज पर ईरान का वीटो पावर जैसा कब्जा हो गया है।
ओबामा ने तंज कसते हुए कहा कि दूसरी तरफ अमेरिका के रक्षा मंत्री इस बात पर ध्यान दे रहे हैं कि “हमारे सैनिकों की जॉलाइन और टेस्टोस्टेरोन का लेवल कैसा है।”
इसे भी पढ़ें: Iran पर हमले की संभावना से Donald Trump का इनकार नहीं, समझौते का भी दिया विकल्प
ओहियो चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के लिए मांगा समर्थन
भाषण के बाद ओबामा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर ओहियो के मतदाताओं से डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने लिखा, “ओहियो, आइए हम सब मिलकर एमी एक्टन को अपना अगला गवर्नर और शेरोड ब्राउन को अपना अगला अमेरिकी सीनेटर चुनने की पूरी कोशिश करें।”
ओबामा ने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि अगर लोग एकजुट होकर भारी संख्या में वोट करें, तो यह चुनाव देश को बेहतर दिशा में ले जाने की एक बड़ी शुरुआत हो सकता है।

