श्रीलंकाई नौसेना ने देश में 2,400 किलोग्राम केंदू पत्तों की तस्करी की कोशिश के आरोप में सात भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। नौसेना ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। श्रीलंकाई नौसेना ने एक बयान में कहा, पश्चिमी नौसैनिक कमान से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर यह अभियान चलाया गया।
श्रीलंका के जलक्षेत्र में प्रवेश कर चुकीं दो संदिग्ध भारतीय नौकाओं और इलाके में मौजूद दो स्थानीय छोटी नौकाओं का पता चलने के बाद उन्हें रोका गया। बयान के अनुसार, निगरानी अभियान के दौरान बुधवार को पुट्टलम जिले में उदप्पुवा तट के पास भारतीय नौकाओं पर सवार सात भारतीय नागरिकों और छोटी नौकाओं पर सवार चार श्रीलंकाई नागरिकों को हिरासत में लिया गया। नौसेना ने बताया कि नौकाओं की तलाशी के दौरान 60 बोरियों में रखे करीब 2,400 किलोग्राम केंदू पत्ते बरामद किए गए।
नौसेना ने कहा कि आरोपियों, जब्त नौकाओं और केंदू पत्तों को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए कोलंबो स्थित सीमा शुल्क निवारक कार्यालय को सौंपा जाएगा। केंदू पत्तों का इस्तेमाल बीड़ी बनाने में किया जाता है। ये पत्ते टिकाऊ होने के कारण तंबाकू लपेटने के लिए व्यापक रूप से इस्तेमाल किए जाते हैं।
व्यावसायिक रूप से निर्मित सिगरेट की ऊंची कीमतों के बीच सस्ती बीड़ियों की मांग पूरी करने के लिए इन पत्तों की श्रीलंका में तस्करी की जाती है। तस्कर तमिलनाडु और श्रीलंका के बीच स्थित उथले समुद्री मार्ग पाक जलडमरूमध्य से छोटी नौकाओं के जरिए इन पत्तों को ले जाते हैं। इस तरह वे तंबाकू से संबंधित उत्पादों पर लगने वाले आयात शुल्क और सीमा शुल्क नियमों से बचने की कोशिश करते हैं।

