पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक संयुक्त पुलिस जांच चौकी पर हुए भीषण आतंकी हमले में 12 सैनिकों समेत कम से कम 15 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई। सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। आईएसपीआर के अनुसार टांक जिले में तड़के यह हमला प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से जुड़े आतंकवादियों द्वारा किया गया।
मृतकों में दो पुलिसकर्मी और वन विभाग का एक कर्मचारी भी शामिल है। आईएसपीआर ने एक बयान में कहा कि आतंकियों ने सुरक्षा घेरा तोड़कर चौकी में घुसने की कोशिश की, जिसका सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। इसमें बताया गया कि भागते समय आतंकवादियों ने बारूद से भरी एक गाड़ी चौकी की बाहरी दीवार से टकरा दी।
इसे भी पढ़ें: वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ ने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने से इनकार किया: डैरेन सैमी
इस जोरदार विस्फोट से 15 कर्मियों की मौत हो गई और इमारत को भारी नुकसान पहुंचा। कार्रवाई के दौरान सुरक्षाबलों ने भाग रहे आतंकवादियों का पीछा किया और 12 को मार गिराया। आईएसपीआर ने बताया कि इलाके में बचे हुए आतंकियों का सफाया करने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

